ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
शराब तस्कर को पकड़ने में एसओजी टिहरी और ऋषिकेश पुलिस के बीच हुए विवाद का देर रात पटाक्षेप हो गया। शराब तस्कर को एसओजी टिहरी ने पकड़ा था। सीमा विवाद सुलझने के बाद शराब तस्कर को बुलेरो कार के साथ मुनिकीरेती थाने लाया गया। कार से देसी शराब के 350 पव्वे बरामद हुए हैं, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक रविवार रात मुखबिर की सूचना पर चारधाम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड के समीप चौदहबीघा पुल पर वाहन चेकिंग की जा रही थी।
इसी बीच ऋषिकेश की ओर से आ रही एक बुलेरो कार को रोका गया। तलाशी लेने पर कार से देसी शराब के 350 पव्वे बरामद हुए। आरोपी की पहचान दौलत सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी ग्राम दूरोगी, थाना हिंडोलाखाल, टिहरी के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बताया कि तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया है।
बता दें कि रविवार रात शराब तस्कर को पकड़ने में ऋषिकेश पुलिस और टिहरी एसओजी के बीच सीमा विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों क्षेत्र की पुलिस में कहासुनी भी हुई थी। आला अधिकारियों के हस्तक्षेप करने के बाद मामला सुलझा और कार ऋषिकेश कोतवाली ले जाई गई।
...तो चार महिलाएं भी थी कार में
रविवार रात को शराब तस्कर को पकड़ने के मामले में मुनिकीरेती पुलिस ने कुछ महिलाओं के शामिल होने की बात आरोपी से पूछताछ के आधार पर कही है। थानाध्यक्ष आरके सकलानी ने बताया कि आरोपी दौलत सिंह ने पूछताछ में शराब से भरे बैग व कट्टे चार महिलाओं के होना बताया है। उसने बताया कि महिलाएं पुलिस को देखकर पहले ही कार से उतर गई थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि कार को पकड़ने से पहले उसके आसपास के क्षेत्र की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी। महिलाओं की संलिप्तता पाई जाती है, तो उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।