ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
क्षेत्र के एक राजनेता का करीबी बताकर एक युवक ने 13 बेरोजगार युवाओं से एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर सात लाख रुपये की रकम ठग ली। पीड़ित युवाओं ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी युवक के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
आईडीपीएल निवासी अजय ने बताया कि ऋषिकेश निवासी एक युवक ने खुद को क्षेत्र के एक राजनेता का करीबी बताया और एम्स में नौकरी लगाने की बात कही। झांसे में आकर युवक को 50 हजार रुपये नौकरी लगाने के लिए दे दिए। अजय का आरोप है कि इसके अलावा ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून के 12 अन्य युवाओं से भी उसने नौकरी दिलाने के नाम पर करीब सात लाख रुपये की रकम वसूल की।
बताया कि नौकरी नहीं लगने पर जब रकम वापस देने की मांग की तो उसने कनपटी पर रिवाल्वर लगाकर जान से मारने की धमकी दी। बताया कि पुलिस को पीड़ित युवाओं के फोन नंबर के साथ नामजद तहरीर दी गई है, जिसमें आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि इस तरह का कोई मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलती है तो मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।