राजस्व पुलिस को सूचना दिए बिना ही नेपाली मजदूरों के शवों को जला देने का मामला
ब्यूरो/अमर उजाला/त्यूनी।
राजस्व पुलिस को सूचना दिना बिना ही सड़क दुर्घटना में मारे गए नेपाली मजदूरों के शवों को जला देने के मामले में राजस्व पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या, आपराधिक षड़यंत्र रचने, साक्ष्य छिपाने और अपराध के बारे में सूचना न देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मालूम हो कि बृहस्पतिवार की देर रात को दरागाड़-कथियान मोटर मार्ग पर ट्रैक्टर के खाई में गिरने से उसमें सवार चालक समेत चार मजदूरों की मौत हो गई थी जबकि, दो ने कूद कर जान बचाई थी। सभी मृतक नेपाल मूल के थे। जो दारगाड़ के पास सड़क निर्माण कार्य में लगे हुए थे। हादसे से बचे मजदूरों ने घटना की जानकारी संबंधित ठेकेदार को दी थी, लेकिन ठेकेदार ने घटना की जानकारी राजस्व पुलिस को दिए बिना ही चारों मजदूरों के शवों को खाई से निकाल जला दिया था। आसपास के ग्रामीणों से राजस्व पुलिस को घटना का पता चला। जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश थे। जिस पर शनिवार को राजस्व पुलिस ने ठेकेदार राजू राणा पुत्र अजब सिंह निवासी कांडा त्यूनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना में गोपाल (21) पुत्र मान सिंह (चालक) निवासी ग्राम कोट जिला रुकुम नेपाल, रोशन (20) पुत्र देव बहादुर, तिलक (20) पुत्र कोले बहादुर दोनों निवासी गोइरी, विसकोट नगर और गोपाल (21) पुत्र गंगाराम निवासी थुलीवा रानू आठ विसकोट नगर की मौत हो गई थी। हादसे में अमर (20) पुत्र जुब बहादुर निवासी ग्राम गोइरी अड़ विसकोट रुकुम नेपाल और एक अन्य मजदूर ने कूद कर जान बचाई थी। राजस्व उपनिरीक्षक भोपाल दास ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर ठेकेदार की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।