ब्यूरो/ अमर उजाला, मसूरी
धनोल्टी से मसूरी आ रहे पर्यटकों की कार सोमवार अलसुबह टिहरी बाईपास पर फर क्लब के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दिल्ली और यूपी के छह पर्यटक घायल हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घायलों को रेस्क्यू कर मसूरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से एक गंभीर घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को तड़के करीब सवा पांच बजे दिल्ली और यूपी के छह पर्यटक स्विफ्ट कार से धनोल्टी से मसूरी लौट रहे थे। टिहरी बाईपास पर फर क्लब के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पर्यटक अजय सिंगल निवासी विजय एन्क्लेव पालम रोड नई दिल्ली, भीम निवासी विजय इन्क्लेव पालम रोड नई दिल्ली, ऋषिपाल निवासी थाना रावड़ी नई दिल्ली, शिव, राजकुमार, मुकेश तीनों निवासी उन्नाव उत्तर प्रदेश घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस और फायर वाहन की मदद से मसूरी सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल अजय सिंगल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक भावना कैंथोला ने बताया कि पर्यटक दिल्ली से मसूरी और धनोल्टी घूमने आए थे। हादसे के दौरान वह धनोल्टी से मसूरी लौट रहे थे। उन्होंने चालक को नींद की झपकी आ जाने की वजह से हादसे की आशंका जताई।