23 नवंबर 2017 को हरिपुर कलां में हुई थी दुर्घटना
डाक्टरों ने बच्चे की अंगुली और अंगूठा काटा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
रायवाला थाना क्षेत्र के हरिपुर कलां ग्रामसभा में छह वर्षीय बच्चे के पैर पर बाइक चढ़ाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में सात माह बाद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना प्रभारी महेश जोशी के मुताबिक 23 नवंबर 2017 को हरिपुर कलां निवासी छह वर्षीय शिवम आंगनबाड़ी जा रहा था। बीच सड़क पर पड़ोस में रहने वाले सुभाष ने उसके पैर पर बाइक चढ़ा दी। जख्मी हालत में परिजनों ने बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उसके पैर की अंगुली और अंगूठा काट दिया है। कई माह तक उपचार कराने के बाद भी मासूम की हालत में सुधार नहीं हुआ तो मंगलवार को उसकी मां सोनी देवी पत्नी नीरज देव थाने पहुंची। उन्होंने आरोपी सुभाष के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने देर रात मुकदमा दर्ज किया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वाहन से गंभीर चोट पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।