ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
ढालवाला क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं के विरोध में स्थानीय लोगों ने चौकी प्रभारी का घेराव किया, और प्रभारी अमित कुमार को ज्ञापन सौंपा। जिला पंचायत सदस्य निर्मला उनियाल ने बताया कि ढालवाला स्थित चीनी गोदाम क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। बढ़ती घटनाओं से क्षेत्र के लोग खौफ में हैं। पूर्व में हुई दो चोरी की घटनाओं का पुलिस आज तक खुलासा नहीं कर पाई है।
आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के चलते ही क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं और घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। महिलाओं ने चेताया कि यदि जल्द सभी चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी पुलिस के खिलाफ सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे। प्रदर्शनकारियों में राजेंद्र रांगड़, मदन थलवाल, हरी सिंह रांगड़, रोशन रांगड़, प्रताप सिंह, दीपक पंवार, सूरज सिंह, राजकुमारी जखमोला, आशा रावत, युद्धवीर सिंह, सुमित्रा देवी, विमला देवी, शोभा थपलियाल, पुष्पा रावत, राजी देवी, लक्ष्मी पुंडीर, उत्तम सिंह असवाल, संदीप शर्मा, रजनी पैन्यूली, राजी असवाल, विनीता देवी आदि शामिल थे।