ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के मामले में फरार आरोपी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक स्कूटी और बाइक बरामद हुई है।
4 अप्रैल 2017 को सहसपुर निवासी रविंद्र गुप्ता ने कमल गुप्ता निवासी ग्राम ढकरानी थाना विकासनगर के खिलाफ धोखाधड़ी कर स्कूटी ले जाने पर मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी के माता-पिता ने उसे बेदखल कर संबंध-विच्छेद किया हुआ है। उसका कोई स्थाई ठिकाना नहीं था। जिस कारण पुलिस उसे ढूंढ नहीं पा रही थी।
सोमवार को सूचना के आधार पर आरोपी को हरिद्वार से धर दबोचा। वह रावली महदूद थाना सिडकुल हरिद्वार में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2009 में उसने सहसपुर में एटीएम चेंज कर एक व्यक्ति के खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए थे। मामला प्रकाश में आने पर उसके घर वालों ने उससे संबंध तोड़ लिए। जिसके बाद उसने ठगी को पेशा बना लिया। वह वर्ष 2014 में डोईवाला क्षेत्र में भी एटीएम बदल दो लाख रुपये की ठगी कर चुका है। उसने फरवरी 2018 में हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में लोन दिलाने के नाम पर भी एक व्यक्ति से दो लाख रुपये की ठगी की थी। जिस पर उसके खिलाफ सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज है।
आरोपी वर्ष 2016 में हरिद्वार कोतवाली क्षेत्र की एक महिला से उसके बेटे को बलात्कार के केस में जमानत कराने के नाम पर उसकी मोटरसाइकिल और 1 लाख रुपये ठग चुका है। इस पर उसके खिलाफ हरिद्वार कोतवाली में मुकदमा दर्ज है। थानाध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।