ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
तीर्थनगरी में आम नागरिक ही नहीं, बल्कि अब पुलिस भी सुरक्षित नहीं है। बीते बृहस्पतिवार रात को दारोगा के साथ सरेआम शराब तस्करों का मारपीट करना इसकी तस्दीक करता है। कोतवाली में महज 29 दिन के भीतर ही सरेआम मारपीट के अलावा चोरी, टप्पेेबाजी, देह व्यापार, फायरिंग के 13 मामले सामने आ चुके हैं। जबकि पुलिस का दावा है कि शहर में क्राइम नियंत्रण में है। क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद शराब बिक्री पर अक्सर स्थानीय लोग व विभिन्न संगठन पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते रहे हैं। इसके विरोध में कई बार संगठनों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आंदोलन तक किए जा चुके हैं।
एक अप्रैल से अब तक की घटनाएं
2 अप्रैल- दंपति समेत तीन लोगों की देह व्यापार के आरोप में आईडीपीएल से गिरफ्तारी। आरोपियों के चंगुल से एक महिला व युवती को छुड़वाया।
- अद्वैतानंद मार्ग पर अराजक तत्वों ने रवि कुमार की होंडा सिटी कार को जलाया।
- रेलवेे रोड निवासी राजीव गर्ग की जैन कार का घर के बाहर से चोरी।
10 अप्रैल- रमेश्वरपुरम, श्यामपुर निवासी राधिका पाटनी का दिनदहाड़े रेलवे रोड पर नकदी और कीमती सामान से भरा पर्स चोरी।
15 अप्रैल- राफ्टिंग संचालक संजीव भंडारी निवासी ढालवाल पर गंगानगर और मायाकुंड निवासी दो लोगों का सरेआम यात्रा बस ट्रांजिट कंपाउंड में फायरिंग।
17 अप्रैल- भैरव कॉलोनी में दो पक्षों में मारपीट, जिसमें एक पक्ष की युवती, जबकि दूसरे पक्ष में महिला व उसकी बेटियों को पीटना का मामला। दोनों पक्षों की क्रॉस रिपोर्ट में 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
18 अप्रैल- एम्स में चोरी के प्रयास में पथरी, हरिद्वार निवासी असलूब को पकड़ा।
20 अप्रैल- जगत विहार, श्यामपुर निवासी लक्ष्मण थापा के दस्तावेज को गलत इस्तेमाल कर दो आरोपियों को तीन बाइकें खरीदी।
22 अप्रैल- चंद्रभागा में एक महिला व उसकी दो बेटियों को सरेआम बाप-बेटा द्वारा मारपीट।
23 अप्रैल- मायाकुंड से दिनदहाड़े विजय कुमार की बाइक चोरी।
24 अप्रैल- आईडीपीएल में गोंडा यूपी के चार संदिग्धों के लूट की योजना बनाते हुए गिरफ्तार।
25 अप्रैल- गुमानीवाला में घर के बाहर से धर्मेंद्र शर्मा की बाइक चोरी।
- गढ़ीमयचक निवासी बृजपाल सिंह का अमितग्राम से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी।
क्या कहते हैं अधिकारी
पुलिस अपराध को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। किसी भी घटना होना और इसके बाद उसे दर्ज किया जाना सही है। लोकल पुलिस को क्षेत्र में सुरक्षा और शांति व्यवस्था को मुकम्मल रखने के बाबत आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
- निवेदिता कुकरेती, एसएसपी, देहरादून।