ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
रायवाला में आबकारी विभाग की पकड़ में आए अंग्रेजी शराब के अवैध गोदाम का मामला अधिकारियों के लिए पहेली बन गया है। विभाग ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन इसमें दुकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है।
बता दें मंगलवार को रायवाला में छापेमारी कर आबकारी विभाग के डिप्टी कमिश्नर रमेश सिंह चौहान और निरीक्षक भरत प्रसाद ने अवैध शराब का गोदाम पकड़ा था। गोदाम से अधिकारियों को अंग्रेजी शराब के विभिन्न ब्रांड की 2063 पेटियां मिली थीं। जिनकी कीमत एक करोड़ 39 लाख रुपये बताई जा रही है। आबकारी निरीक्षक भरत प्रसाद ने बताया कि अवैध गोदाम के मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शराब किसकी है इसकी तहकीकात की जा रही है। मामले में दुकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। इसमें स्थानीय ठेकेदार का नाम सामने आता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि आबकारी विभाग की वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ही यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस कार्रवाई के लिए एक ओर विभाग को वाहवाही मिल रही है, तो दूसरी तरफ लापरवाही को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं।