ब्यूरो/ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता रशियन नागरिक का शव पुलिस ने सात दिन बाद नीलकंठ की पहाड़ी पर खाई से बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस बाबत रशियन दूतावास को सूचित कर दिया है। शव को कब्जे में लेकर उसका पंचनामा भर परिजनों के आने तक अस्पताल में सुरक्षित रख दिया गया है।
थाना पुलिस के मुताबिक बीते 28 मार्च को लक्ष्मणझूला स्थित मां गंगा गेस्ट हाउस के प्रबंधक दिव्यांश अगीचा ने रूस स्थित मॉस्को निवासी 27 वर्षीय सरगेई सचेरपा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने तहरीर में सरगेई सचेरपा के 25 मार्च से लापता होने की बात कही थी। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि पुलिस लगातार सरगेई की तलाश में जुटी थी। एक गाइड ने बताया कि कुछ विदेशी सरगेई की तलाश में नीलकंठ की पहाड़ी पर गए थे, उन्होंने वहां खाई में एक शव देखा था।
बताया कि सोमवार को पुलिस टीम गठित कर पहाड़ी पर भेजी गई। खाई से शव निकालकर उसकी पहचान कराने पर वह सरगेई का ही निकला। बताया कि रूस के दूतावास को घटना की जानकारी दे गई है। बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे हरिद्वार के राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों के आने तक सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जगवीर सिंह सजवाण, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, कांस्टेबल कपिल चौहान, अमरजीत सिंह, महिला कांस्टेबल रंजन सैनी आदि शामिल थे।