ब्यूरो/ऋषिकेश। पुलिस ने उत्तर प्रदेश स्थित एटा निवासी एक युवक का शव राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क के जंगल से बरामद किया है। पुलिस को युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस मामले को आत्महत्या मान रही है। परिजनों से भी इस बाबत पूछताछ की जा रही है। बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता लग पाएगा।
लक्ष्मणझूला पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे स्थानीय लोगों ने दोबाटा के समीप जंगल में करीब पांच सौ मीटर भीतर एक युवक का शव पेड़ से लटके होने की सूचना दी। तत्काल पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा, और उसके पास से मिले बैग में मोबाइल फोन से परिजनों को संपर्क किया।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि युवक की पहचान शिवानंद (27) पुत्र धनीराम निवासी सुल्तानपुर, अलीगंज, एटा, यूपी के रूप में हुई है। बताया कि शिवानंद पेड़ से नाइलोन की रस्सी के सहारे लटका था। शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया कि परिजनों ने पूछताछ में शिवानंद के करीब 10 दिन पूर्व घूमने के लिए जाने की बात कही है।