ब्यूरो/ऋषिकेश। शहर में दो दिन पूर्व दिनदहाड़े देहरादून निवासी एक युवक की कार का शीशा तोड़कर अज्ञात ने नगदी और कीमती सामान से भरा ब्रीफकेस साफ कर दिया। मगर पुलिस मामले को छिपाती रही। मामला खुलने के बाद अब पुलिस मुकदमा दर्ज होने का दावा कर रही है। बताया कि वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को देहरादून में गिरफ्तार किया जा चुका है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक बीते शुक्रवार को दिनदहाड़े लक्ष्मणझूला रोड पर पेट्रोल पंप के समीप खड़ी स्कोर्पियो कार का शीश तोड़कर टप्पेबाज उसमें रखा नगदी से भरा ब्रीफकेस ले उड़े। कार मालिक वापस लौटा, तो उन्हें इसकी जानकारी लगी। कार से ब्रीफकेेस गायब होने पर वह सीधे कोतवाली पहुंचे।
पुलिस को दी तहरीर में कार मालिक अनिरुद्ध त्यागी पुत्र रूपचंद त्यागी निवासी नेहरू कॉलोनी, देहरादून ने बताया कि ब्रीफकेस में 22 हजार रुपये नकद, सोनी कंपनी का कीमती कैमरा व अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज थे। दिनदहाड़े शहर में हुई घटना से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गुस्सा है। उनका कहना है कि अब शहर में बदमाशों द्वारा दिनदहाड़े ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। बताया कि देहरादून में चोर को पकड़ लिया गया है। बताया कि आरोपी से पीड़ित की करीब 14 हजार की नकदी और दस्तावेज पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।