ब्यूरो/ऋषिकेश। आईडीपीएल स्थित कैनाल गेट के समीप ऋषिकेश-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर तेज गति में जा रहा एक थ्री व्हीलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। जबकि वाहन सवार महिला जख्मी हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर घायल को एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह करीब नौ बजे हरिद्वार की ओर जा रहा थ्री व्हीलर आईडीपीएल स्थित कैनाल गेट के समीप अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गया, जिससे चालक और उसमें सवार श्रमिक को गंभीर चोटें लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर घायल महिला को निजी वाहन से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
उपनिरीक्षक विनय शर्मा ने बताया कि मृतकों में टैंपो चालक नफीस (35) पुत्र अकबर निवासी घोसीपुर, धनपुरा, हरिद्वार व श्रमिक तेज बहादुर (22) पुत्र किशनू निवासी चंद्रभागा, शीशमझाड़ी, ऋषिकेश शामिल हैं। जबकि घायल महिला की पहचान किशनाई देवी (48) पत्नी सुरेंद्र प्रसाद निवासी रेलवे स्टेशन रोड, ऋषिकेश के रूप में हुई है। एसआई ने बताया कि मृतकों के परिजनों को इस बाबत सूचित कर दिया गया है। शवों का पंचनामा भर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है।