ब्यूरो/ऋषिकेश। दून रोड स्थित नटराज चौक के समीप रोड पर सड़क पार करते वक्त एक महिला को ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर हालत में महिला को निजी वाहन से एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। कोतवाली पुलिस के मुुताबिक रेलवे रोड पर एक बेकरी में काम करने वाली गुमानीवाला गली नंबर 10 निवासी लज्जो देवी (45) पत्नी श्याम लाल रविवार शाम को घर लौट रही थी। नटराज चौक से रोड पार करते वक्त एक ट्रक ने उसे चपेट में लेकर रौंद दिया।
इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने ऑटो के माध्यम से घायल लज्जो देवी को एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक वन विकास निगम का था। उधर, हरिद्वार बाईपास रोड पर ही एक युवक सड़क हादसे में घायल हो गया। उसे सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां उसकी पहचान सन्नी पुत्र गोविंद सिंह निवासी गुमानीवाला के रूप में हुई है।