ब्यूरो/ अमर उजाला, डोईवाला
एक मेडिकल कॉलेज की छात्राओं को परेशान करने को लेकर तहसील में दो पक्षों में हुई झड़प के मामले में शनिवार को पुलिस ने एक पक्ष की ओर से कई अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। जबकि दूसरे मुकदमे के आधार पर आरोपी छात्रों द्वारा व्हाट्सएप पर की गई बातचीत की जांच शुरू कर दी है। वहीं, शनिवार को शहर में मामले को चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। एहतियात के तौर पर पीएसी अभी भी तैनात की गई है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को मामले को लेकर तहसील में दो पक्षों में झड़प हो गई थी। दोनों पक्षों के अलग-अलग संप्रदाय के होने की वजह से शहर में तनाव की स्थिति बन गई थी। एसपी देहात सरिता डोभाल ने भी मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली थी और एहतियात के तौर पर पीएसी और कई थानों की फोर्स तैनात की गई थी। मामले में डोईवाला निवासी आशीष यादव की ओर से दूसरे पक्ष के कई अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
उधर, आरोपी छात्रों के खिलाफ विहिप नगराध्यक्ष राकेश कुमार की ओर से दर्ज कराए गए केस में भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी छात्रों द्वारा छात्राओं के संबंध में व्हाट्सएप पर की गई बातचीत के तथ्य जुटा रही है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेंद्र सिंह गुसांई ने बताया कि तहसील परिसर में हुए विवाद के मामले में आशीष यादव की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, दूसरे केस में भी तथ्य जुटाए जा रहे हैं। तथ्यों के आधार पर आरोपी युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि शहर की स्थिति सामान्य है।