ब्यूरो/अमर उजाला/डोईवाला।
कोतवाली पुलिस ने किराये की बाइक लेकर चंपत हुए दंपती को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सेलाकुई में एक किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है।
कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरिक्षक योगेन्द्र सिंह गुसाईं ने बताया कि ऋषिकेश निवासी अशोक मेहता ने कोतवाली में बीते फरवरी में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था। अशोक मेहता के अनुसार 25 दिसंबर को फोन से किराये बाइक बुक कराई गई थी। इसके बाद आरोपियों ने डोईवाला पहुंचकर जरूरी कागजात जमा कर दो दिनों के लिए बाइक किराए पर ले गए। निर्धारित समय समाप्त होने पर दंपती का फोन बंद हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी दंपती का पता नहीं चल सका। इस मामले में बुधवार को आरोपी दंपती को सेलाकुई के एक मकान से गिरफ्तार कर बाइक भी बरामद की गई। आरोपियों की पहचान नय्यर मुसीर पुत्र मुसीर निवासी सीतापुर रोड थापा मड़ियांव, जिला लखनऊ उत्तर प्रदेश और उसकी पत्नी ऋतु नय्यर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दंपती बेहद शातिर हैं। इनके खिलाफ क्लेमेंटटाउन थाने में बी बाइक लेकर भाग जाने का मुकदमा दर्ज है।