ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
परिजनों से नाराज होकर गाजियाबाद निवासी नवीं कक्षा की एक छात्रा सोमवार को ऋषिकेश पहुंच गई। इस दौरान छात्रा ने रेलवे स्टेशन पर इंदिरानगर निवासी चार लड़कियों से कॉल करने के लिए मोबाइल फोन मांगा। शक होने पर लड़कियां उसे समाजसेवी ज्योति सजवाण के घर ले गईं। इसके बाद सजवाण ने पुलिस और छात्रा के परिजनों को सूचना दी। देर शाम छात्रा को पुलिस की मौजूदगी में उसके भाई के सुपुर्द कर दिया गया।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद स्थित कामना अपार्टमेंट निवासी 17 वर्षीय छात्रा मुस्कान खान पुत्री अब्दुल कयूम रेलवे स्टेशन पर स्कूल का बैग लिए घूम रही थी। इसी बीच मुस्कान की भेंट इंदिरानगर निवासी शालू शर्मा, सपना शर्मा, कृतिका और अदिति से हुई। मुस्कान ने लड़कियों से किसी से बात करने के लिए मोबाइल फोन मांगा, तो उन्हें शक हुआ। पूछताछ में मुस्कान ने बताया कि परिजनों से नाराज होकर घर छोड़कर आई है। इसके बाद शालू और उसकी सहेलियां मुस्कान को समाजसेवी ज्योति सजवाण के घर ले गईं। सजवाण की सूचना के बाद देर रात मुस्कान के रिश्ते का भाई रियाज देहरादून से ऋषिकेश पहुंचा और उसे घर ले गया।