ब्यूरो/विकासनगर।
यूपीसीएल ने शनिवार को चेकिंग अभियान चलते हुए 35 लोगों के कनेक्शन काटे गए। अभियान के दौरान टीम ने बिजली चोरी के आरोप में उत्तराखंड जलविद्युत निगम लिमिटेड (यूजेवीएनएल) रिटायर्ड कर्मी के साथ ही उनके पुत्र के खिलाफ कुल्हाल पुलिस चौकी में बिजली चोरी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया है। चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने कुल 2.50 लाख रुपये के राजस्व की वसूली की गई।
शनिवार को टीम ने कुंजाग्रांट, हरबर्टपुर मेन बाजार, मटक माजरी, सहसपुर, चानचक और सभावाला क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। कुंजाग्रांट में अख्तर और उसके पुत्र सोनू के यहां छापेमारी की गई। दोनों के घरों में कटिया डालकर बिजली चोरी की जा रही थी। सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया कि अख्तर रिटायर्ड यूजेवीएनएल कर्मी है। उनके यहां कटिया डालकर घास काटने की मशीन संचालित की जा रही थी। कहा अभियान लगातार जारी रहेगा। राजस्व जमा न करने वाले बकायेदारों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। टीम में अवर अभियंता आशीष कुमार भी मौजूद रहे।