दूध कारोबारी के कर्मचारी से 50 हजार की ठगी
-- दिनदहाड़े हरिद्वार रोड स्थित बैंक की शाखा के बाहर हुई घटना
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। शहर में हरिद्वार रोड पर दिनदहाड़े एक बैंक के बाहर दूध कारोबारी के कर्मचारी से 50 हजार रुपये की नकदी दो लोगों ने ठग ली। पीड़ित व्यापारी ने कर्मचारी पर शक जाहिर करते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर कर्मचारी से पूछताछ की शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक पुराना रोडवेज बस अड्डा रोड स्थित दूध विक्रेता सुभाष कोहली ने शिकायत में बताया कि उनका कर्मचारी हरिद्वार रोड स्थित पीएनबी शाखा में सुबह 11.45 बजे दूध के 50 हजार रुपये जमा कराने गया था।
दुकान पर वापस आने के बाद कर्मचारी ने दो लोगों पर बैंक के बाहर उससे रकम ठगने का आरोप लगाया। कारोबारी सुभाष कोहली ने इसकी शिकायत पुलिस से की। उन्होंने मामले में कर्मचारी पर शक जाहिर किया है। जिसके बाद पुलिस ने कर्मचारी से पूछताछ भी की। इसके साथ ही बैंक की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने खंगाली है। दिनदहाड़े व्यस्त हरिद्वार रोड पर ठगी की वारदात से शहर के व्यापारियों में आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने की मांग की है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि व्यापारी ने शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।