श्रीनगर। 26 दिसंबर से लापता छात्र का शव जल विद्युत परियोजना की नहर में मिला। परिजनों ने छात्र की गुमशुदगी कीर्तिनगर कोतवाली में दर्ज कराई थी। परिजनों ने छात्र की हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
चौरास मढी निवासी अमन कुमार पुत्र विनोद कुमार 26 दिसंबर को घर से बिना बताए कहीं चला गया था। परिजनों ने इस संबंध में कोतवाली कीर्तिनगर में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। अमन जीआईसी किलकिलेश्वर में कक्षा 10 वीं का छात्र था। बुधवार को अमन का शव श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के पावर हाउस के समीप नहर में उतराता मिला। अमन के ताऊ रविंद्र लाल ने कहा कि 27 दिसंबर को उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविंद्र लाल ने कहा कि उन्हें आशंका है कि उनके भतीजे की हत्या की गई है। उन्होंने कुछ लोगों पर शक जताया है। हालांकि परिजनों ने इस संबंध मे अभी कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। कोवाली कीर्तिनगर के एसएसआई पवन कुमार का कहना है कि लापता छात्र का शव नहर से बरामद हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।