ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक यहां अपने भाई बहन के पास किराए पर रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक डालनवाला राजीव रौथाण ने बताया कि मृतक की पहचान अभिषेक विश्वकर्मा पुत्र रणवीर सिंह विश्वकर्मा निवासी ग्राम मुनोग, पोस्ट ऑफिस म्युंडा चकराता के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिषेक अपनी बाइक से म्यूनिसिपल रोड से कर्जन रोड की तरफ जा रहा था। इसी बीच सामने से आई एक कार ने उसे सामने से टक्कर मार दी। इससे अभिषेक छिटककर सड़क किनारे नाले में जा गिरा। हादसे में अभिषेक के सिर में गंभीर चोटें आईं। आरोपी कार चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से अभिषेक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभिषेक यहां करनपुर में अपने भाई और बहन के साथ रहता था। रात में खाना खाने के बाद वह किसी काम से कर्जन रोड स्थित अपने साथी के यहां जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि कार चालक हरविंदर सिंह निवासी ओल्ड सर्वे रोड को गिरफ्तार कर लिया गया है।