ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बीमारी के बाद युवती की मृत्यु के मामले में एक चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चिकित्सक पर कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जांच के बाद की गई है। आरोप है कि चिकित्सक ने युवती को गलत इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसे इंफेक्शन हुआ और उसकी मौत हो गई।
मामला 23 मई 2018 का है। जानकारी के अनुसार खुड़बुड़ा मोहल्ला निवासी वीनू सेठी की बेटी पूजा की तबीयत खराब हुई थी। परिजन उसे तिलक रोड स्थित डॉ. एसके गुप्ता के क्लीनिक पर ले गए थे। डॉक्टर ने पूजा को डीहाईड्रेशन होने की बात कही। इसके लिए डॉ. गुप्ता ने पूजा को कुछ इंजेक्शन दिए और तकरीबन आठ घंटे तक उसका इलाज किया। इसके बाद तबीयत खराब होने पर उसे सीएमआई ले जाया गया। यहां जरूरी इलाज देकर पूजा को घर भेज दिया गया। इसके अगले 24 मई को पूजा की मृत्यु हो गई। परिजनों ने डॉ. गुप्ता पर आरोप लगाया कि उन्होंने पूजा को गलत इलाज दिया, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉ. गुप्ता के खिलाफ तहरीर दी। इसकी जांच पुलिस ने सीएमओ से कराने की संस्तुति की। इंस्पेक्टर एसएस नेगी ने बताया कि सीएमओ ने 18 बिंदुओं पर चिकित्सक की जांच की। इस पर उससे प्रमाणपत्र भी मांगे गए, लेकिन डॉ. गुप्ता प्रमाणपत्र भी नहीं दिखा पाए। इसके बाद सीएमओ ने शुक्रवार शाम को चिकित्सक के खिलाफ जांच रिपोर्ट पुलिस को सौंप दी। जांच रिपोर्ट के आधार पर डॉ. एसके गुप्ता के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।