ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच कर रही एसआईटी ने रविवार को देहरादून में कुछ अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की। घोटाले में नाम आने के बाद से ही ये अधिकारी निलंबित चल रहे हैं। हालांकि, देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। एसआईटी की टीम क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में यहां पहुंची थी। एसआईटी प्रभारी और एसएसपी ऊधमसिंह नगर डॉ. सदानंद दाते ने इसकी पुष्टि है। हालांकि, उन्होंने टीम की कार्रवाई के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
एनएच-74 भूमि मुआवजा घोटाले की जांच में कुछ प्रशासनिक अधिकारियों के भी नाम सामने आने के बाद सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया था। बताया जा रहा है कि ये अधिकारी देहरादून समेत अपने अन्य ठिकानों पर रह रहे हैं। मामले में मनी लॉड्रिंग की जांच प्रवर्तन निदेशालय की टीम भी कर रही है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि एसआईटी इन अधिकारियों को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है। रविवार को सीओ स्वतंत्र कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआईटी की चार सदस्यीय टीम दून पहुंची और अधिकारियों के ठिकाने पर छापेमारी की। उन्होंने अधिकारियों के संपर्क में रहने वाले कुछ लोगों से पूछताछ की। इसकी पुष्टि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने भी की है।