ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
घर में अकेली आठ साल की मासूम से पड़ोस के किशोर ने दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची की मां के घर वापस लौटने पर घटना का पता चला। परिजनों ने धारा चौकी में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धारा चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, चुक्खूवाला क्षेत्र में बुधवार को आठ साल की एक मासूम घर में अकेली थी। उसके माता-पिता मजदूरी करने के लिए बाहर गए थे। शाम को जब उसकी मां लौटी तो मासूम ने बताया कि पड़ोस के किशोर ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। इस पर परिजन उसे लेकर धारा चौकी पहुंचे और आरोपी किशोर के खिलाफ तहरीर दी।
पुलिस ने मासूम का मेडिकल कराया, जिसमें दुष्कर्म के प्रयास की पुष्टि हुई है। पुलिस आरोपी की उम्र को लेकर कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं है। चौकी प्रभारी कुलदीप पंत ने बताया कि आज आरोपी की मेडिकल जांच की जाएगी, जिसके बाद उसकी वास्तविक उम्र की सही जानकारी मिल सकेगी।