हरिद्वार। कनखल क्षेत्र के एक परिवार को घर में घुसकर बुरी तरह पीटा गया। परिवार की महिलाओं को भी नहीं बख्शा। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इधर, कनखल पुलिस ने इस तरह की घटना संज्ञान में न होने की बात कही है।
घटना क्षेत्र के राज विहार कालोनी की है। देर रात एक व्यापारी की वहीं के रहने वाले एक दबंग से कहासुनी हो गई। आरोप है कि दबंग ने अपने समर्थकों को बुला लिया और घर में घुसकर व्यापारी की पिटाई कर दी। विरोध करने पर परिवार की महिलाओं को भी बुरी तरह पीटा गया। आसपास के लोगों के एकत्र होने पर दबंग मौके से भाग निकलने में कामयाब रहे। इधर, देर रात ही पीड़ित पक्ष ने जगजीतपुर चौकी पहुंचकर पूरे घटनाक्रम से पुलिस को अवगत कराया। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी दबंग कैद हुए है। बताते है कि दबंग पूर्व में भी कई बार घटनाओं को अंजाम दे चुके है और पूरे इलाके में इनका खौफ बना हुआ है। एसओ कनखल अनुज सिंह से जब इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि उनके संज्ञान में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है, वे इस संबंध में जानकारी लेंगे।