देवप्रयाग। थाना देवप्रयाग के अंतर्गत दनाड़ा गांव (भरपूर पट्टी) मेें अपनी लाइसेंसी बंदूक से एक व्यक्ति की जान लेने के आरोपी को पुलिस ने तीन धारा के पास धर दबोचा। उससे हत्या में प्रयुक्त बंदूक भी बरामद कर ली गई है। मृतक के भाई की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध देवप्रयाग थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया है। यह भी बात सामने आई है कि मृतक और हत्यारोपी में पिछले कुछ समय से रंजिश चली आ रही थी।
पुलिस के मुताबिक टिहरी जिले के दनाड़ा गांव में पूजा संपन्न होने के बाद शनिवार शाम लगभग पांच बजे दनसाड़ा गांव निवासी रामदयाल (65) पुत्र कुंदी लाल ने सिमस्वाड़ा तल्ला निवासी जज पाल (42) पुत्र मंगलू को लाइसेंसी बंदूक से गोली मार दी थी। सीने में गोली लगने से जजपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। रविवार को देवप्रयाग पुलिस ने आरोपी को हत्या में प्रयुक्त बंदूक सहित बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीनधारा के समीप गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष विनोद राणा ने बताया कि आरोपी भागने के फिराक में था, लेकिन इससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उन्होंने बताया कि आरोपी और ग्रामीणों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि जज पाल और आरोपी रामदयाल में पिछले कुछ समय से टकराव चला आ रहा था। रामदयाल बंदूक साथ लेकर चलता था। इस बात पर दोनों आपस में टीका-टिप्पणी करते थे। इससे पूर्व एक शादी समारोह मेें भी दोनों में कहासुनी हुई थी। घटना के दिन भी दोनों में कहासुनी हो गई थी। लोगों ने दोनों को समझा-बुझाकर अलग कर दिया था, लेकिन लगभग एक घंटे बाद ही रामदयाल समारोह स्थल के समीप अपनी बहन के घर से अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर पुन: लौट आया। आंगन में पहुंचने पर उसने जजपाल को आवाज दी। और जजपाल जैसे ही बाहर आया, रामदयाल ने उसके ऊपर फायर झोंक दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक के भाई राजेंद्र लाल की तहरीर पर रामदयाल के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।