श्रीनगर। शनिवार रात बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की धर्मशाला के समीप शराब के नशे में धुत्त कैब चालक ने सड़क किनारे खड़े एक वाहन को टक्कर मार दी, जिससे कैब सड़क पर पलट गई। दुर्घटना के वक्त मौके पर मेला देखकर कई लोग लौट रहे थे। हादसे में कैब चालक को चोट नहीं आई, लेकिन सड़क पर चल रही युवती इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। बुरी तरह से घबराई युवती काफी देर तक बेहोशी की हालत में रही। मौके पर पहुंची पुलिस वाहन चालक को कोतवाली ले आई। पुलिस ने नशे में वाहन चलाने पर धारा 185 में मुकदमा दर्ज कर दिया।
शनिवार मध्य रात्रि करीब डेढ़ बजे लोग बैकुंठ चतुर्दशी मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान बदरीनाथ हाईवे पर तेजी से आ रही एक कैब सड़क किनारे छोटे वाहन से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैब का फ्रंट शीशा चकनाचूर हो गया। घटनास्थल से गुजर रही एक युवती कार की टक्कर से बाल-बाल बची। कोतवाल नरेंद्र बिष्ट ने बताया कि आरोपी वाहन चालक के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने का केस दर्ज किया गया है।