अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
शहर के एक कंप्यूटर कारोबारी विजय कुशवाहा ने एसएसपी कृष्ण कुमार वीके पर गंभीर आरोप जड़े हैं। डीजीपी को भेजी गई शिकायत में उन्होंने सुरक्षा देने की गुहार लगाई है।
कंप्यूटर कारोबारी विजय कुशवाहा ने डीजीपी अनिल रतूडी को भेजे पत्र में बताया कि साउथ इंडियन बैंक राजपुर देहरादून के अधिकारियों ने उनका फर्जी लोन खाता बनाकर करोड़ों की रकम ली। इसकी शिकायत उन्होंने ऑनलाइन डीजीपी से की थी। सोमवार को वह एसएसपी कार्यालय में बने शिकायत प्रकोष्ठ में शिकायत देने पहुंचे थे। वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे एसएसपी के पास ले गए। एसएसपी ने इंस्पेक्टर अनिल जोशी को बुलवाकर मोबाइल फोन स्विच ऑफ करा दिया। एसएसपी ने धमकाते हुए कहा कि साउथ इंडियन बैंक अधिकारी उनके रिश्तेदार हैं। देहरादून में तुम्हारे खिलाफ केस मैंने ही दर्ज कराया था और सीबीआई जांच भी कराई थी।
आरोप है कि एसएसपी ने बैंक के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की धमकी दी। डीजीपी से मांग की गई कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया जा सकता है। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने कहा कि विजय कुशवाहा शिकायत लेकर आया था, जिसकी जांच के आदेश दिए गए हैं। उन पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। वे उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।