कुणाल दरगन
हरिद्वार।
रिटायर्ड रेलकर्मी श्याम लाल कुमार, उनके पुत्र भारत उर्फ राहुल कुकरेजा की हत्या बुधवार देर रात ही कर दी गई थी। ऐसा अनुमान लगाने की वजह बुधवार देर रात के बाद भारत के मोबाइल फोन से कोई कॉल नहीं होना है। तब से मोबाइल फोन स्विच ऑफ ही है। मृतक रेलवे कर्मी श्याम लाल कुकरेजा मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे।
क्रिमिनल इंटेलीजेंस यूनिट (सीआईयू) ने घटनास्थल से सेल डाटा एकत्र कर उसे खंगालना शुरू कर दिया है। कनखल की शांतिपुरम कालोनी में रहने वाले रिटायर्ड रेलवेकर्मी श्याम लाल कुकरेजा और उनके बेटे भारत कुकरेजा के सड़े गले शव घर में अलग- अलग स्थान पर मिले थे। भयंकर बदबू उठने पर पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। घटना स्थल को देखकर यह अनुमान लगातया जा रहा है कि पिता- पुत्र की हत्या किसी परिचित ने की है। रविवार दिन भर चली पड़ताल में पुलिस को खास सुराग नहीं मिल सका।
हरिद्वार पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि भारत के पास दो मोबाइल फोन नंबर थे। दोनों ही मोबाइल गायब है। सीआईयू अब उसके मोबाइल फोन नंबर की कॉल डिटेल खंगाल रही है। बुधवार देर रात उसकी लोकेशन घर पर ही थी और फिर उसके मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गए थे। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि मामले की जांच गहनता से चल रही है।
दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने पर फोकस
हरिद्वार। दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस ने कई बिंदुओं पर फोकस किया है। रविवार और सोमवार को दिन भर पत्नी, परिचित, और दोस्तों से पूछताछ का सिलसिला चलता रहा।
रेलवे से रिटायर्ड श्याम लाल कुकरेजा और बेटे भारत कुकरेजा की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने एड़ीचोटी का जोर लगाया हुआ है। मृतक की पत्नी अन्नू से भी अनबन चल रही थी। रविवार को ही उससे पुलिस पूछताछ कर चुकी है।
इसके साथ ही भारत के दोस्तों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। भारत की निजी जिंदगी, लेनदेन, रंजिश से लेकर हर पहलू पर जांच की जा रही है। मृतक श्याम लाल कुकरेजा के बैंक एकाउंट के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। घर में अलमारी से चेक एवं पासबुक भी मिली है। जिन- जिन व्यक्तियों पर संदेह है, उनके मोबाइल फोन की लोकेशन भी ली जा रही है। नगर पुलिस अधीक्षक ममता वोहरा ने बताया कि दिन भर में 24 संदिग्धों से पूछताछ कर चुके हैं।