गौचर। शादी समारोह में शामिल होने आई एक महिला के साथ स्थानीय पुलिस चौकी में कार्यरत एक पुलिस कर्मी की ओर से कथित जबरदस्ती और बदसलूकी करने पर महिला ने पुलिसकर्मी के खिलाफ तहरीर दी। इस मामले पर स्थानीय लोगों ने देर रात तक पुलिस चौकी में हंगामा किया। थाना पुलिस ने मामले को लेकर एसआई नवीन नेगी को तत्काल मौके पर भेजकर जांच का जिम्मा सौंपा।
तहरीर में महिला ने बताया कि शुक्रवार को वह चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के लिए गौचर आई थी। रात होने के कारण वह पति के साथ एक लॉज में रुक गई। इसी दौरान लॉज के बगल के कमरे में किराए पर रह रहे एक पुलिस कर्मी ने रात 11.30 बजे जबरन दरवाजा खटखटा कर पति और उसके साथ बदसलूकी और जबरदस्ती की। महिला ने पुलिस चौकी में तैनात पुलिस कर्मी पर बदसलूकी और जबरदस्ती करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में तहरीर दी। इस मामले में जन प्रतिनिधियों ने देर रात तक पुलिस चौकी में हंगामा किया । चौकी प्रभारी और थाना अध्यक्ष के केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम में ड्यूटी होने पर पुलिस प्रशासन ने थाने में तैनात एसआई नवीन नेगी को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। एसआई नवीन नेगी ने बताया कि दोनों पक्षों से वार्ता कर मामले की पड़ताल की जा रही है। संबंधित पुलिस कर्मी का मोबाइल स्विच ऑफ होने से उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है। थाना प्रभारी बृजमोहन राणा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल बदरीनाथ में वीआईपी ड्यूटी में तैनात हूं। पालिका अध्यक्ष मुकेश नेगी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष महाराज लिंगवाल, पीड़ित पक्ष समेत कई लोगों ने कहा कि आरोपी पुलिस कर्मी के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई न होने पर जन आंदोलन छेड़ा जाएगा।