अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
आबकारी विभाग की टीम ने टाटा सफारी कार से देसी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को दबोचा है। बरामद शराब की डिलीवरी उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में की जानी थी। उधर, पंतदीप पार्किंग में भी एक शराब तस्कर हत्थे चढ़ गया। शनिवार को सूचना मिलने पर आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान की अगुवाई में हरिद्वार- ऋषिकेश हाईवे पर जाल बिछाया गया। आबकारी विभाग की टीम ने चंडीघाट चौक पर रुड़की की ओर से आ रही टाटा सफारी कार को रोकना चाहा, लेकिन चालक ने रोकने की बजाय कार दौड़ा दी।
आबकारी टीम ने पीछा करते हुए कार को लालजीवाला के पास रोक लिया। कार चला रहे युवक ने अपना नाम कमल पुत्र रमेश निवासी गांव सहदवेपुर बहादराबाद बताया। कार के अंदर से देसी शराब की दस पेटी शराब बरामद हुई। उधर, आबकारी विभाग की टीम ने सोरण पुत्र नगीना निवासी बहादराबाद को पंतदीप पार्किंग से 97 देशी शराब के पव्वे के साथ पकड़ लिया। आबकारी निरीक्षक ने बताया कि शराब की खेप उत्तरी हरिद्वार में सप्लाई होनी थी। आरोपी की कार सीज करते हुए संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। टीम में उमराव राठौर, संजीव कुमार, मनोज गुप्ता, विनोद, प्रमोद शामिल रहे।