अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
छात्रा से छेड़छाड़ करने और एसिड फेंकने के आरोप में पुलिस ने तीन दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया है। दोस्तों ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक छात्रा से चार अगस्त को स्कूल से आते समय छेड़छाड़ की गई। इससे परेशान छात्रा ने जहरीला पदार्थ पी लिया। छात्रा को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से छात्रा को हायर सेंटर रेफर किया गया है। परिजन छात्रा को कनखल स्थित संजीवनी अस्पताल लेकर पहुंचे। छात्रा को पांच दिन बाद होश आया। जिसके बाद परिजनों ने नगर कोतवाली पुलिस को मामले की पूरी जानकारी दी। छात्रा की मां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ब्रह्मपुरी निवासी प्रशांत और उसके दो दोस्त उनकी बेटी को परेशान कर रहे हैं। जिससे परेशान होकर बेटी ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। अब बेटी ने होश में आने के बाद घटना की जानकारी दी है। आरोपी दोस्तों ने छेड़छाड़ की घटना किसी को बताने से इनकार किया है। ऐसा करने पर दोस्तों ने एसिड फेंकने और जान से मारने की धमकी दी है। एसएसआई केदार सिंह चौहान ने बताया कि प्रशांत और दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच देवेंद्र सिंह चौहान को सौंपी गई है। छात्रा नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा है।