ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। दून की मॉडल ने मुंबई की रिहायशी इमारत में जमकर हंगामा किया। नशे में धुत मॉडल सिर्फ इतनी बात पर भड़क गई थी कि वॉचमैन उसके लिए सिगरेट नहीं लाया। उसने पहले तो वॉचमैन की पिटाई की। इसी बीच मौके पर जब लोग पहुंचे तो उनके सामने चिल्लाने लगी और अर्द्धनग्न होकर विरोध प्रदर्शन करने लगी।
गत 25 अक्तूबर की इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। मॉडल भी खुद के पक्ष में सफाई दे रही है। ट्वीटर के माध्यम से मॉडल ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस के साथ कोई महिला कांस्टेबल या अधिकारी नहीं थी। इसी के चलते उसने अपने तरीके से कपड़े उतारकर विरोध किया था। उसका कहना है कि लोग वहां उसकी मदद करने की बजाय वीडियो बना रहे थे। मॉडल का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विरोध के समय वह पुलिस से कह रही है कि अगले दिन वह खुद पुलिस स्टेशन आएगी और उस समय उसके साथ अधिवक्ता भी होगा। मॉडल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री को ट्वीट कर शिकायत की कि पुलिस उसे रात में ही गिरफ्तार कर ले जा रही थी। ब्यूरो