ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
रिटायर्ड कर्नल से इंश्योरेंस पॉलिसी का पैसा दिलाने के नाम पर 24 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मूल रूप से कानपुर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष वसंत विहार हेमंत खंडूरी ने बताया कि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल ने अप्रैल माह में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत थी कि जून जुलाई 2017 में उनके फोन पर अलग-अलग नंबरों से फोन आए थे। फोन करने वालों ने खुद को इंश्योरेंस कंपनी का अधिकारी बताया था। उन्होंने इंश्योरेंस पॉलिसी का अधिक पैसा दिलाने के नाम पर उनसे अलग अलग खातों में आरटीजीएस के माध्यम से 24 लाख रुपये जमा करा लिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए तो मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश की गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस कानपुर में भी प्रयासरत थी। इस बीच शनिवार को पुलिस ने आरोपी विनोद कुमार निवासी दर्शन पूर्वा आरके नगर थाना फजलगंज जिला कानपुर नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।