ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) और पुलिस व दमकल समेत अन्य अतिआवश्यक सेवाओं की सक्रियता जांचने के लिए बृहस्पतिवार को आईएसबीटी पर मॉक ड्रिल किया गया। इस दौरान आईएसबीटी परिसर में तीन बम रखकर बीडीएस की टीम द्वारा निष्क्रिय करने की गतिविधियों की परख की गई।
पुलिस कंट्रोल रूम को बृहस्पतिवार सुबह आईएसबीटी परिसर में तीन संदिग्ध बैग होने की सूचना दी गई थी। इसके बाद पुलिस और बीडीएस मौके पर पहुंची। इसी बीच एसएसपी निवेदिता कुकरेती और एसपी सिटी प्रदीप राय भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आईएसबीटी परिसर के अलावा आस-पास के इलाके को घेर लिया। इसके बाद बैग की तलाशी लेने पर उसमें तीन जिंदा बम मिले। कुछ देर की मशक्कत के बाद बीडीएस ने सभी बमों को निष्क्रिय कर दिया। एसएसपी निवेदिता कुकरेती ने बताया कि ड्रिल में सभी टीमों का प्रदर्शन संतोषजनक रहा। सभी को रिस्पांस टाइम बेहतर करने के निर्देश दिए गए हैं।