चार धाम यात्रा मार्ग पर रात आठ बजे के बाद नहीं चलेंगे वाहन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
चार धाम यात्रा मार्ग पर रात आठ बजे के बाद यात्री वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। शुक्रवार को यात्रा के सफल संचालन के संबंध में डीआईजी गढ़वाल रेंज पुष्पक ज्योति ने सभी जिलों के पुलिस कप्तानों के साथ वीडियो कांफ्रेंस में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीआईजी ने एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी को पुलिस विभाग की ओर से यात्रा का नोडल अधिकारी बनाया गया है। इन दोनों अधिकारियों की ही यात्रा के दौरान किसी भी दुर्घटना और अव्यवस्था संबंधी जवाबदेही होगी। साथ ही रेंज के सभी जिलों में विभिन्न अपराधों के जल्द खुलासे और अफवाहों के मद्देनजर सोशल मीडिया पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है।
शुक्रवार को देहरादून एनआईसी सेंटर से डीआईजी गढ़वाल रेंज पुष्पक ज्योति ने पुलिस अधिकारियों को कहा कि चार धाम यात्रा मार्ग पर जगह-जगह दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इस कारण से यात्रा मार्ग पर किसी भी यात्री वाहन को नहीं चलने दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने पुलिस को लावारिस शवों की शत प्रतिशत शिनाख्त करने के निर्देश दिए। यदि किसी दशा में एनसीआरबी के माध्यम से भी शव की शिनाख्त नहीं होती है तो उसका डीएनए सुरक्षित किया जाएगा।
डीआईजी ने कहा कि यात्रा के दौरान पुलिस की ओर से एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी को नोडल अफसर बनाया गया है। ये दोनो अधिकारी ही किसी भी अव्यवस्था और दुर्घटना के मद्देनजर देहरादून, हरिद्वार समेत सभी जिलों से सामंजस्य स्थापित करेंगे। इसके अलावा उन्होंने सभी जिलों को अपने यहां अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए।
ये भी दिए निर्देश
- कोई अफवाह न फैले इसके लिए सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जाए।
- सभी पर्यटक केंद्रों और थाने चौकियों पर फर्स्ट एड किट रखी जाए।
- अपराधों के रोकथाम को विभिन्न स्तरों पर अभियान चलाया जाए।
- देहरादून में हाल ही में हुई चेन लूटों का जल्द से जल्द खुलासा किया जाए।
- गुमशुदगी जैसे मामलों में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल के साथ समन्वय बनाया जाए।