ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। एक महिला ने अपनी जेठानी पर अपहरण कर दुष्कर्म कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर जेठानी, उसका साथी (दुष्कर्म का आरोपी) और दो अन्य महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
मामला राजपुर क्षेत्र का है। क्षेत्र की एक महिला ने थाने में तहरीर दी है। इसमें उसने कहा, कुछ माह पहले उसका जेठानी के पुत्र से लगाव हो गया था। इस लगाव के चलते दोनों ने एक साथ रहने का वादा किया और दिल्ली चले गए। हालांकि, घरवालों और समाज के दबाव के चलते जनवरी में वह वापस आ गए। उसके बाद से जेठानी व उसका परिवार उनसे खुन्नस रखने लगा। महिला के अनुसार शनिवार को वह अपने पति के साथ मालसी चिड़ियाघर के पास गई हुई थी। कुछ देर बाद वहां एक गाड़ी आकर रुकी, जिसमें से एक व्यक्ति ने उसे अंदर खींचा और तेजी से गाड़ी मसूरी मार्ग की तरफ बढ़ा दी। कुछ दूर जाने पर उसने सुनसान जगह पर गाड़ी खड़ी कर दी। उसके बाद व्यक्ति ने उससे दुष्कर्म कर डाला। महिला का आरोप है कि गाड़ी में उस वक्त जेठानी, उसकी बहन और एक महिला और भी बैठी हुई थी। थानाध्यक्ष राजपुर नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि घटना के संबंध में तत्काल एक टीम गठित की गई। उसके बाद अलग-अलग जगह से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।