ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
शादी के पांच माह बाद ही बेटी की दहेज हत्या के मामले में मां ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है। सोमवार को एसपी देहात कार्यालय पहुंची विवाहिता की मां ने कहा कि बिसरा रिपोर्ट में भी जहर से मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। इसके बावजूद पुलिस की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। एसपी देहात ने परिजनों के बयान दर्ज कराने के साथ ही दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के पलूनी गांव निवासी महिला रमन सैनी ने एसपी देहात नवनीत सिंह भुल्लर से मिलकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी शिखा की शादी सात फरवरी 2018 को हालूमाजरा गांव में की थी। शादी के बाद से ही ससुराली बेटी के साथ बुरा बर्ताव कर रहे थे। शादी के करीब पांच महीने बाद 23 जुलाई को बेटी ने फोन कर बताया कि उसकी सास ने चाय पीने को दी थी। इसके बाद से उसे लगातार चक्कर आ रहा है। इसके कुछ ही देर बाद ससुरालियों ने फोन कर बताया कि उनकी बेटी की तबीयत खराब हो गई और वे उसे अस्पताल लेकर जा रहे हैं, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही बेटी की मौत हो गई। रमन सैनी ने बताया कि उनकी तहरीर पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया था। बिसरा जांच में भी जहर के कारण मौत की पुष्टि हुई है, लेकिन ससुरालियों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। एसपी देहात ने मृतका की मां रमन सैनी और पिता सतीश सैनी के बयान दर्ज कराए। साथ ही जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।