ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डालनवाला क्षेत्र स्थित उत्तराखंड विद्युत निगम के गोदाम में मंगलवार शाम आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने बिकराल रूप ले लिया। आग से गोदाम में रखे लाखों रुपये के विद्युत मीटर, केबल आदि जलकर खाक हो गए हैं। हालांकि सूचना पर पहुंचीं तीन दमकलों की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद बुझा ली गई। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक डालनवाला थाना क्षेत्र में तेग बहादुर रोड उत्तराखंड विद्युत निगम का गोदाम है। इस गोदाम में नए विद्युत मीटर, केबल, बिल बुक समेत काफी स्टेशनरी रखी जाती है। गोदाम के गार्ड ने मंगलवार शाम करीब सवा पांच बजे शटर के नीचे से धुआं निकलते देखा। इस पर गार्ड ने पहले अपने अधिकारियों को सूचना दी और फिर दमकल विभाग को सूचित किया। करीब 5:45 बजे दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आननफनन दमकलकर्मियों ने आसपास रखा सामान हटाया और पानी की बौछार शुरू की। कुछ देर बाद फोम टेंडर (प्लास्टिक की आग बुझाने वाला) भी मौके पर बुलाया गया। आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को करीब दो घंटे लग गए। बताया गया कि गोदाम में रखे करीब आठ हजार विद्युत मीटर जलकर खाक हो गए हैं। इसके अलावा बिजली का केबल, बिल बुक समेत काफी स्टेशनरी भी जल गई है। अग्निशमन अधिकारी राय सिंह राणा ने बताया कि नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है। आग लगने का प्राथमिक कारण शार्ट सर्किट ही लग रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।