ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
बैखौफ बाइक सवार चेन लुटेरों ने बृहस्पतिवार को पटेलनगर थाना क्षेत्र के बंजारावाला में घर के बाहर टहल रहे बुजुर्ग से चेन झपट ले गए। हालांकि चेन खींचने के दौरान दो हिस्सों में टूट गई और बदमाशों के हाथ केवल चेन का आधा टुकड़ा लगा। पुलिस मुकदमा दर्ज कर क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने का दावा कर रही है।
घटना पटेलनगर थाना क्षेत्र के बंजारावाला की है। मधुर विहार में रहने वाले बुजुर्ग श्यामलाल घर के बाहर टहल रहे थे। इसी बीच पीछे से आए दो बाइक सवारों में से एक ने श्यामलाल के गले पर झपट्टा मारकर चेन खींच ली, लेकिन चेन के दो हिस्से होने से एक टुकड़ा वहीं गिर गया। सरेराह घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने शुरू किए। हालांकि पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा। इंस्पेक्टर पटेलनगर सूर्यभूषण सिंह नेगी ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर लुटेरों के हुलिए के आधार पर तलाश की जा रही है। इसके अलावा कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना का खुलासा जल्द कर दिया जाएगा।