ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
सिटी पेट्रोल यूनिट ने सोमवार को चेकिंग के दौरान स्कूटर के नंबर पर दौड़ रही मोटर साइकिल पकड़ी। सीपीयू ने बाइक सीज कर डालनवाला थाने में खड़ी करा दी है। हालांकि इस मामले में अभी मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।
सीपीयू के उप निरीक्षक भरत सिंह चौधरी हमराह कांस्टेबल कुलदीप के साथ सर्वे चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक मोटर साइकिल रोकी गई। बाइक के कागजात मांगने पर चालक प्रवीण राणा निवासी डिफ्रेंस कॉलोनी आनाकानी करने लगा। इसके बाद संबंधित नंबर के बारे में कंट्रोल रूम को जानकारी दी गई। कंट्रोलरूम से बताया गया कि नंबर स्कूटर का है, जो मनेाज शर्मा निवासी रानी पोखरी के नाम से पंजीकृत है। इस मोटर साइकिल का अभी तक रजिस्ट्रेशन ही नहीं हुआ है। इस पर सीपीयू ने बाइक सीज कर डालनवाला कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं आई है, लेकिन मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में आने वाले तथ्यों पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।