डेरी की आड़ में चल रहे गौकशी के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक मकान में छापा मारकर वहां से नौ जिंदा व एक मृत गोवंश बरामद किए। इसके आरोप में एक महिला समेत कुल छह आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार उस मकान से गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार व अन्य सामान भी बरामद हुआ है। सभी आरोपियों ने पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामला क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र का है। एसओ क्लेमेनटाउन दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि काफी समय से भारूवाला क्षेत्र में गौकशी की शिकायत मिल रही थी। गहन जांच में पाया गया कि यहां एक मकान में डेयरी की आड़ में यह सब चल रहा है। इसी सूचना पर छोटा भारूवाला गांव में अरशद के घर पर छापा मारा गया।
यहां से पुलिस ने नौ गोवंश के पशु जिंदा बरामद किये, जबकि अंदर के कमरे में एक कटा हुआ पशु बरामद हुआ। इसके लिए तत्काल मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया, जिसने पशु के गोवंश के होने की पुष्टि की। इसके बाद घर में मौजूद अरशद, मुजम्मिल, मुशर्रफ, असलम, रियाज और हिना पुत्री भूरा खान को गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि, अमजद उर्फ सोनू नाम का एक युवक वहां से फरार हो गया। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस चलाएगी अभियान
कार्रवाई के बाद बीजेपी के महामंत्री व सांसद प्रतिनिधि महेश पांडेय व अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसओ क्लेमेनटाउन से मुलाकात की और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई करने की मांग की। महेश पांडेय ने बताया कि क्षेत्र में इस तरह के कार्यों में बढ़ोतरी हुई है, लिहाजा पुलिस को आवश्यक कदम उठाने चाहिए। इस पर एसओ क्लेमेनटाउन ने भविष्य में लगातार अभियान चलाए जाने का आश्वासन दिया।