स्कूल से बच्चों को घर लेकर जा रही एक वैन में आग लग गई। वैन में ढाई से तीन साल के 17 बच्चे सवार थे। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
युवक ने दिखाई हिम्मत
हादसे के बाद पास में ही खड़े एक युवक ने हिम्मत दिखाकर बच्चों को वाहन से बाहर निकाला। बाद में चालक ने भी बच्चों को बाहर निकालने में मदद की।
इसके बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई, जबकि बच्चों को दूसरे स्कूली वाहन से घर भेजा गया। हादसा दोपहर के समय जादूगर रोड पर हुआ। माना जा रहा है कि फिटनेस सही न होने के कारण वाहन में आग लगी होगी।
सोमवार को शहर के एक सीबीएसई बोर्ड से संचालित स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को वैन लेकर जा रही थी। स्कूली वैन में ढाई से तीन साल के 17 बच्चे सवार थे।
इंजन में लगी आग
जैसे ही वैन जादूगर रोड पर पहुंची अचानक इंजन में आग लग गई। इंजन से धुआं निकलता देख चालक घबरा गया। वाहन खड़ा कर वह हड़बड़ाहट में बच्चों को उतारने के बजाय खड़ा रहा।
हादसा जहां हुआ, वहां से कुछ दूरी पर गुरुकुल निवासी मोनू खड़ा हुआ था। चालक को गफलत में देख मोनू ने हिम्मत दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
प्ले सेक्सन के बच्चे
इसी बीच चालक भी अन्य लोगों की मदद से बच्चों को बाहर निकालने लगा। सभी बच्चों को बाहर निकालने के बाद लोगों ने आग पर काबू पा लिया। हादसे के बाद चालक ने दूसरी वैन को मौके पर बुलाया।
जिससे सभी छात्रों को घर भेजा गया। सभी बच्चे प्ले सेक्सन के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।