देहरादून के आर्मी अस्पताल में तैनात महिला चिकित्सक और नौ माह के बच्चे में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद उनसे जुड़े करीब 25 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया। इसके अलावा लखनऊ में महिला चिकित्सक के संपर्क में आए अधिकारियों को भी क्वारंटीन करने को लिखा गया है।
देहरादून में शुक्रवार को एक महिला चिकित्सक और नौ माह के बच्चे की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। बच्चा पहले से ही मां के साथ क्वारंटीन था। कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद पुलिस और प्रशासन उनके संपर्क में आए लोगों को चिन्हित करने में जुट गया था।
एसपी सिटी श्वेता चौबे के मुताबिक महिला चिकित्सक के घर में रहने वाली मेड, उसके पति और दो बच्चों को होम क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा बच्चे के संपर्क में करीब 21 लोगों के आने की जानकारी है। इन सभी लोगों को भी होम क्वारंटीन किया गया हैं। महिला चिकित्सक नौ अप्रैल को लखनऊ से ट्रेनिंग से लौटी थी। ट्रेनिंग में उसके साथ देश भर के 60-70 अधिकारियों के भी शामिल होने की खबर है। इस मामले में अलग से रिपोर्ट भेजी जा रही है।