फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Unlock-5: वीकेंड से पहले कैंपटी फॉल में बढ़ी सैलानियों की चहल कदमी, नैनीताल भी हुआ गुलजार 

Thu, 01 Oct 2020 10:23 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई टिहरी/ नैनीताल
विज्ञापन
कैंपटी फॉल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

उत्तराखंड के मशहूर पर्यटक स्थल कैंपटी फॉल में भी अब सैलानियों की चहल कदमी बढ़नी शुरू हो गई है। सैलानियों की आवाजाही शुरू होने से कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। दिल्ली, हरियाणा से पर्यटक सैर सपाटे के लिए कैंपटी फॉल पहुंच रहे हैं।

विज्ञापन


लॉकडाउन के कारण मार्च माह से कैंपटी में वीरानी छाई हुई थी। अनलॉक की गाइडलाइन जारी होने के बाद से धीरे-धीरे कैंपटी फॉल की तरफ पर्यटक आने लगे हैं। चार-पांच दिनों से अलग-अलग राज्यों से प्रतिदिन 25-30 सैलानी कैंपटी फॉल झरने का दीदार करने पहुंच रहे हैं।


व्यापार मंडल अध्यक्ष सुंदर सिंह रावत, पूर्व प्रधान कमल सिंह, सुमन नौटियाल और रोशन सजवाण का कहना है कि सैलानियों की आवाजाही शुरू होने से सभी व्यापारियों का कारोबार शुरू हो गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दशहरा और दीपावली तक बड़ी संख्या में पर्यटक कैंपटी फॉल पहुंचेंगे। 

विज्ञापन
Trending Videos

नैनीताल में पर्यटकों की भीड़ से कारोबारी खुश

लगातार तीन दिन के अवकाश के चलते नैनीताल में पर्यटकों की आवक एकाएक बढ़ गई है। बृहस्पतिवार को नगर में अन्य दिनों की अपेक्षा कहीं अधिक सैलानी नजर आए। इसके चलते अधिकतर पिकनिक स्पॉट गुलजार रहे और पर्यटन कारोबारी खुश नजर आए।

बता दें कि शुक्रवार को गांधी जयंती की छुट्टी है, जबकि उसके बाद शनिवार और रविवार है। लगातार तीन अवकाश होने से नगर के कई होटल अगले तीन दिन के लिए सैलानियों से पैक हैं। बीते एक पखवाड़े से नगर में पर्यटकों की आवाजाही का क्रम जारी है।

बृहस्पतिवार को भी सुबह से ही सैलानी यहां पहुंचने लगे थे। देर शाम तक सैलानियों के वाहन शहर में प्रवेश करते रहे। माल रोड में वाहनों को खड़ा करना प्रतिबंधित है, बावजूद इसके दिन भर कई पर्यटक वाहन माल रोड में खड़े नजर आए। साथ ही नगर के पार्किंग स्थल भी वाहनों से पटे नजर आए।

यहां पहुंचे सैलानियों ने केव गार्डन, वाटर फाल, स्नोव्यू, किलबरी, पंगूट, हिमालय दर्शन, टिफिन टॉप, हनुमानगढ़ी समेत अन्य दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। वहीं चिड़ियाघर में साप्ताहिक अवकाश होने की वजह से वह बंद रहा, जिससे वहां पहुंचे पर्यटकों को निराशा हाथ लगी। पर्यटकों ने माल रोड, तिब्बती, भोटिया, तल्लीताल और मल्लीताल में खरीदारी की। सबसे अधिक भीड़ पंत पार्क से लेकर गुरुद्वारे के पास लगी अस्थायी दुकानों के आसपास नजर आई।

दिनभर खिली रही धूप, सैलानियों ने की मस्ती
बृहस्पतिवार को नैनीताल में दिन भर मौसम सामान्य बना रहा और धूप खिली रही। शाम को पहाड़ियों में कोहरा छाने से ठंड का अहसास हुआ। इन सबके बीच सैलानियों ने जमकर मस्ती की। शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज के मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि बृहस्पतिवार को नैनीताल का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।
विज्ञापन

रामनगर का गर्जिया मंदिर खुला, 500 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

लॉकडाउन के बाद पहली बार मां गर्जिया मंदिर बृहस्पतिवार को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। पहले ही दिन 500 श्रद्धालुओं ने मां गर्जिया के दर्शन किए। वहीं गर्जिया मंदिर में एक तरफ की दुकानों को ही खोला गया। 

मां गर्जिया के दर्शन के लिए श्रद्धालु काफी उत्सुक थे। जैसे ही बृहस्पतिवार को मां गर्जिया का मंदिर श्रद्धालुओं के खोला गया तो भक्त मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। गर्जिया मंदिर समिति के सदस्य गोविंद बधानी ने बताया कि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की रजिस्टर में एंट्री की गई है। दिन भर में 500 श्रद्धालुओं ने मंदिर में मां गर्जिया के दर्शन किए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें