उत्तराखंड के कोटद्वार में लैंसडौन छावनी परिषद की ओर से आयोजित छावनी अधिकारियों और बोर्ड सदस्यों की बैठक में एक अक्तूबर से लैंसडौन में पर्यटकों के प्रवेश और यहां के होटलों में रुकने के लिए लगी पाबंदियां समाप्त करने का फैसला लिया गया है। अब एक अक्तूबर से पर्यटक नगर में बिना किसी रोक-टोक के प्रवेश कर सकेंगे।
बृहस्पतिवार को छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी भूपति रोहित की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनलॉक-4 को लेकर चर्चा की गई। बैठक में पर्यटकों को थर्मल स्क्रीनिंग के बाद छावनी क्षेत्र में प्रवेश करने की इजाजत दी गई।
बताया कि छावनी क्षेत्र में सात दिनों से अधिक समय की अवधि के लिए आने वाले लोगों को 10 दिनों के लिए होम क्वारंटीन में रहना होगा। 96 घंटे पहले की कोरोना निगेटिव रिपोर्ट होने पर ऐसे व्यक्ति को होम क्वारंटीन से मुक्त रखा जाएगा।
पर्यटकों को प्रवेश पाने के लिए स्मार्ट सिटी देहरादून की वेबसाइट पर पंजीकरण कराना जरूरी होगा। उन्होंने होटल संचालकों को ठहरने वाले यात्रियों की रोजाना थर्मल स्क्रीनिंग करने, रिपोर्ट रजिस्टर में दर्जकर छावनी कार्यालय को इसकी जानकारी देने और होटलों को नियमित रूप से सैनिटाइज करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बोर्ड सदस्य डॉ. एसपी नैथानी, उपाध्यक्ष दिनेश रावत, राजेंद्र राना, राजेश ध्यानी, इंद्रा रावत, प्रशासनिक अधिकारी अनिल बौंठियाल मौजूद थे।