प्रतिदिन की जा रही सामुदायिक निगरानी के दौरान शुक्रवार को जिले में दो संदिग्ध व्यक्ति मिले हैं। इनमे कोरोना जैसे लक्षण बताए जा रहे हैं। दोनो व्यक्ति की सूचना मेडिकल टीम को दी गई है, जिसके बाद इनकी जांच की जाएगी।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सामुदायिक निगरानी में 37 टीमें लगी हुई हैं। इनमें आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के अलावा 69 शिक्षक भी शामिल हैं। शुक्रवार को टीमों ने फोन के माध्यम से 217 लोगो से संपर्क किया है। इनमें से एक व्यक्ति भगत सिंह कॉलोनी और दूसरा केशव विहार डोईवाला का है। इनके बारे में टीमों ने मेडिकल टीम को सूचित कर दिया है। शुक्रवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने सील क्षेत्रों में कुल 9700 व्यक्तियों से संपर्क किया। जिले से कुल 62 सैंपल भेजे गए और 37 सैंपल रिपोर्ट आई है। ये सभी रिपोर्ट नेगेटिव हैं।
110 लोग पहुंचे सर्दी जुकाम की दवा लेने
पिछले दिनों मेडिकल स्टोर संचालकों को हिदायत दी गई थी कि किसी भी व्यक्ति को सर्दी जुकान की दवा बिना पर्चे के न दी जाए। ऐसे में मेडिकल स्टोर संचालकों ने भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। जिलेभर से शुक्रवार को कुल 110 लोगों की जानकारी प्रशासन को दी गई। ये सभी लोग सर्दी जुकाम या खांसी आदि से पीड़ित थे और मेडिकल स्टोर पर दवा लेने पहुंचे थे।