फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand Lockdown: सरकार ने ली राहत की सांस, सभी जांच रिपोर्ट आई नेगेटिव, संक्रमितों की दर राष्ट्रीय औसत से कम

Fri, 10 Apr 2020 10:50 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
- फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

लगातार दूसरे दिन भी एक भी कोरोना पॉजिटिव का केस न आने से उत्तराखंड सरकार ने राहत की सांस ली है। तसल्ली वाली बात यह है कि उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की दर राष्ट्रीय औसत से कम है। देश में यह दर प्रति 100 टेस्ट में 3.5 कोरोना पॉजिटिव की है, जबकि उत्तराखंड में अभी यह ढाई फीसदी के आसपास है। लेकिन पिछले एक पखवाड़े में जिस तरह से कोरोना पॉजिटिव मामलों का सूचकांक ऊपर चढ़ा है, उसने सात मामलों के इलाज में सफलता हासिल करने वाले तंत्र को चिंतित कर दिया है।

विज्ञापन


कोरोना संक्रमितों के मामलों का लगातार विश्लेषण कर रहे समाजसेवी अनूप नौटियाल के मुताबिक, पहली अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव की दर महज 1.37 प्रतिशत थी। दो अप्रैल को दो कोरोना पॉजिटिव केस बढ़ने के साथ यह दर लगातार बढ़ती चली गई। आठ अप्रैल को प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव की संख्या 35 हो चुकी थी। उनके अनुसार, छह अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मामलों की दर 3.11 प्रतिशत थी। लेकिन पिछले दो दिनों से टेस्ट से भेजे गए सभी सैंपल नेगेटिव आए हैं और कोरोना पॉजिटव की संख्या अभी स्थिर बनी हुई है।

ये हैं आंकड़े
अप्रैल माह        नेगेटिव केस       पाजिटिव केस        टोटल केस    संक्रमित दर
01                  505                  07                       512               1.37
विज्ञापन

02                   579                 10                       589               1.70
03                   671                16                         687               2.33
04                   724                 22                       746                2.95
05                   868                 26                       894                 2.91
06                    966                31                        997                 3.11
07                    1092               31                      1123                2.76
08                    1189               35                        1224               2.86
09                    1235               35                        1270                2.76
10                     1320              35                        1355                2.58

नोट: कोरोना पॉजिटिव केस के मामले में उत्तराखंड राष्ट्रीय औसत 3.5 की तुलना में अभी कम है।

संक्रमण का खतरा बरकरार, बढ़ाने होंगे टेस्ट
राज्य में कोरोना के संक्रमण का खतरा बरकरार है। सरकार इस मामले में कोई जोखिम नहीं उठाना चाहती है। इसलिए उसके स्तर पर जांच का दायरा भी बढ़ाने की तैयारी है। जानकारों का मानना है कि कोरोना संक्रमण की असल तस्वीर तो तभी सामने आएगी, ज्यादा लोगों की जांच होगी। अभी उत्तराखंड में हर दिन औसतन 150 सैंपल कोरोना की जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इस बीच सरकार देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, अल्मोड़ा, हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में 14 आवासीय स्थलों को हॉटस्पॉट घोषित कर चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 40413 लोगों को घरों में क्वारंटीन किया जा चुका है। 3770 लोग विभिन्न संस्थाओं में क्वारंटीन किए गए हैं। सरकार पर सबसे बड़ा और पहला दबाव क्वारंटीन किए गए 44 हजार से अधिक लोगों का कम से कम रेपिट एंटी बाड़ी टेस्ट कराए जाने का है। इसके लिए अभी सरकार इंतजाम ही जुटा रही है।
 

पढ़ें... अन्य जगह के खास अपडेट

-उत्तराखंड सरकार ने शुक्रवार को यह तय कर लिया कि प्रदेश में लॉकडाउन 30 अप्रैल तक जारी रहेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और मुख्य सचिव उत्पल कुमार सहित अन्य अधिकारियों की बैठक में लॉकडाउन से बाहर निकलने की रूपरेखा तय करते हुए यह प्रस्ताव तैयार किया गया है। केंद्र सरकार को यह प्रस्ताव जल्द भेज दिया जाएगा। केंद्र की सहमति मिलते ही यह नीति लागू हो जाएगी।

-ऋषिकेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन न हो, इसके लिए लोगों से बार-बार घर पर ही रहने का आह्वान कर रहे हैं। बावजूद इसके दुकानों से जरूरत का सामान लेने के दौरान लोग सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं कर रहे हैं। 

-हल्द्वानी के बनभूलपुरा में लाइन नंबर 8 में कुछ लोग भीड़ लगाए खड़े थे। पुलिस मौके पर पहुंची और एक लड़के की पिटाई कर दी। इस पर उसका भाई पुलिस के विरोध में आ गया। पुलिस ने उस को हिरासत में लिया तो उसे बचाने के लिए उसके परिवार की औरतें घरों से बाहर निकल आई। इस बीच वहां पहुंचे स्थानीय पार्षद ने पुलिस को समझाकर उसे छोड़ने की सिफारिश की। इसी गहमागहमी में संबंधित युवक की मां ने पार्षद पर ही हाथ उठा दिया। इससे अफरा-तफरी मच गई। पार्षद के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और दूसरा पक्ष भी सामने आ गया। आखिर पुलिस को युवक को छोड़ना पड़ा। साथ ही युवक के पूरे परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े पार्षद को भी शांत कराया।

- आज एम्स ऋषिकेश की ओर से जारी की गई रिपोर्ट में देहरादून के 22 सैंपलों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसकी जानकारी कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश चौहान ने दी है। उन्होंने बताया कि दूसरी रिपोर्ट शाम को आएगी।
 
- उत्तरकाशी के धरासू में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर तीन लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। पहले मामले में पुलिस ने जमन लाल पुत्र घुग्तया लाल निवासी चिन्यालीगांव को धारा 144 सीआरपीसी का उल्लंघन कर 10 लीटर कच्ची शराब का परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। जमन लाल के खिलाफ 188 आईपीसी आपदा प्रबंधक अधिनियम की धारा 51 ख में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं चिन्यालीसौंड़ में देवीसौंड़ के पास दो लोगों पर अपराध की धारा 188, 269, 270 आईपीसी व आापदा प्रबंधक अधिनियम की धारा 51 ख के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक मनमोहन लाल पुत्र प्रेम लाल और बृजमोहन पुत्र जित्या दोनों निवासी जखारी, धरासू स्कूटी न रोक कर फरार हो गए। उन्हें पकड़कर क्वारंटीन सेंटर उत्तरकाशी भेज दिया गया है।
 
विज्ञापन

अन्य जगह के खास अपडेट

- देहरादून के लक्खीबाग क्षेत्र  में बंदर वाली गली प्रशासन द्वारा सील की गई है। यहां के लोगों की शिकायत है कि अब तक क्षेत्र में सैनिटाइजर का छिड़काव नहीं हुआ है और न ही कोई मेडिकल टीम आई है। यहां कुछ गरीब परिवार हैं, उनके पास राशन नहीं है। प्रशासन द्वारा उनकी कोई मदद नहीं हो रही है।

- उत्तराखंड में देहरादून के बाद अब हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र को पांच सेक्टरों में बांटकर हॉटस्पॉट घोषित कर दिया है। अब पूरे इलाके में एक भी दुकान नहीं खुलेगी। सुरक्षा के मद्देनजर एसएसपी ने क्षेत्र में पीएसी की एक और कंपनी तैनाती कर दी है। बिना परमिशन किसी को अंदर घुसने की इजाजत नहीं है। इस क्षेत्र के जमात में शामिल सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यहां शुक्रवार को पुलिस वाहन गश्त करते नजर आए। चौराहों पर पुलिस और सीपीयू के जवान मौजूद रहे। यहां प्रशासन की अनुमति से आज सब्जी बेेची गई।

- अमर उजाला की ओर से हल्द्वानी, रामनगर और बागेश्वर में हॉकरों को राशन किट बांटे गए।

- पिथौरागढ़ में होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। पुलिस ने रविन्द्र सिंह रावत ग्राम रावल गांव बिषाड़, सुरेश प्रसाद उप्रेती निवासी पांडेयगांव, दीपक कुमार निवासी नैनीसैनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है।

- कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हरिद्वार में ज्वालापुर की पांवधोई, नीलखुदाना, लकड़हारान को पूरी तरह से सील किया है। दूध, सब्जी, पशुओं के लिए चारा आदि उपलब्ध कराने का काम जारी है। बफर जोन वार्ड मेहतान, कस्साबान, वाल्मीकि बस्ती, त्रिमूर्तिनगर, तपोवन, पांडेयवाला, चाकलान में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक है। लेकिन दुकानें खुली हैं। ऋषिकुल आयुर्वेद कॉलेज के अस्पताल में 100 से अधिक लोग क्वारंटीन किए हैं। सभी की जांच जारी है।
 
- चंपावत में लॉकडाउन के दौरान लोगों का रूझान बागवानी की तरफ  बढ़ रहा है। सब्जी बीज खरीदने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। लॉकडाउन के दौरान राशन और अन्य दुकानों में भीड़ काफी कम नजर आ रही है। दुकानदार सुरेश मेहता ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में सब्जी बीज की बिक्री दोगुनी हो गई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ओगल, शिमला मिर्च, बंद गोभी, बैगन, हरी मिर्च, कद्दू, लौकी, मटर आदि की डिमांड अधिक है। लेकिन टासंपोर्टेशन की दिक्कत के चलते बीजों की कमी हो गई है। उधर, कैलाश चंद्र, देव सिंह, संजय जोशी, मोहन पांडेय, सतीश चंद्र समेत तमाम कामकाजी लोगों का कहना है कि लाॅकडाउन के चलते समय काटना मुश्किल हो गया है। बागवानी करके समय व्यतीत कर रहे हैं।

-  रामनगर में सुबह सड़कें सूनी दिखी, लेकिन बैंक में लोग नजर आए। बागेश्वर में भी लोग खरीदारी के लिए निकले। रानीखेत में लोग लावारिस जानवरों की सेवा में लगे दिखे। वहीं काशीपुर और टनकपुर में लोग सोशल डिस्टेंस का पालन करते नहीं दिखे। काशीपुर में लोगों ने सब्जी की ठेलियों पर भीड़ लगा दी। टनकपुर में प्रशासन द्वारा बांटी जा रही खाद्य सामग्री के दौरान लोगों ने सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया। बाजपुर के बेरिया रोड इलाके में सब्जी और फल की दुकान लगते ही लोग पहुंच गए। पिथौरागढ़ गांधी चौक में सब्जियों की दुकान में कम लोग दिखाई दिए।

- लॉकडाउन में मिली छूट के दौरान चमोली और रुद्रप्रयाग में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।

- काशीपुर सब्जी मंडी में शुक्रवार को सैनिटाइजर टनल का शुभारंभ होगा। जिसका शुभारंभ मंडी अध्यक्ष रूपेंद्र बग्गा करेंगे। ऊधम सिंह नगर में यह पहली टनल होगी। उत्तराखंड मंडी परिषद ने काशीपुर मंडी को सैनिटाइजर टनल उपलब्ध कराई है। यह टनल सब्जी मंडी में लगाई जाएगी। मंडी में आने वाले सब्जी विक्रेता और खरीदारों को इस टनल के अंदर से गुजरना होगा।  टनल से गुजरने वाले सभी लोगों को सैनिटाइज किया जाएगा। मंडी अध्यक्ष रूपेंद्र बग्गा ने बताया कि सब्जी लेकर आने वाले वाहनों को पहले ही सैनिटाइज किया जा रहा है। अब सब्जी मंडी में सब्जी बेचने आने वाले विक्रेताओं और खरीदने वालों को टनल के माध्यम से सैनिटाइज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गेहूं की फसल कट चुकी है। अभी तक औपचारिक रूप से अनाज मंडी बंद चल रही थी। लेकिन अब किसान अपनी गेहूं की फसल को बेचने के लिए मंडी आ सकते हैं। शनिवार से मंडी को खोलने पर विचार चल रहा है। इसके लिए लोगों से सुझाव मांगे जा रहे हैं।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें