मुनस्यारी में फंसी फ्रांस की युवती अनाइस ने प्रशासन से अपने देश भेजने की गुहार लगाई है। फ्रांस की 26 वर्षीय अनाइस फरवरी माह में मुनस्यारी घूमने आई थी। वह फरवरी से मुनस्यारी में होम स्टे में है। अब वह अपने घर फ्रांस जाना चाहती है।
उसका वीजा 24 अप्रैल को खत्म हो रहा है। मंगलवार को अनाइस ने एसडीएम भगत सिंह फोनिया से फ्रांस जाने की मांग की। एसडीएम ने ऑनलाइन अप्लाई करने को कहा है। अनाइस पेशे से फैशन डिजाइनर है। उसका कहना है कि अगर वह दिल्ली पहुंच जाए तो फिर उसे फ्रांस जाने की अनुमति मिल जाएगी।
पिथौरागढ़ में कैंटर में मज़दूरों को ले जा रहे वाहन को पुलिस ने सीज कर दिया। लॉक डाउन के उल्लंघन में चालक को गिरफ्तार किया है। मामले के अनुसार, मंगलवार को एंचोली चौकी प्रभारी अनिल कुमार ने यूके 05सीए 1638 नंबर के कैंटर की तलाशी ली।
जिसमें चालक राकेश कुमार निवासी थल वाहन में बहराइच के 15 मजदूरों को ले जा रहा था। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर धारा 188/269 और 51(बी) आप्रअधि 2005 के तहत मामला दर्ज कर वाहन को सीज किया गया। वाहन में सवार सभी 15 और पैदल जा रहे 12 अन्य मजदूरों को सरकारी वाहन से पुलिस लाइन लाया गया है।