मजदूर 16 मार्च को नेपाल से मजदूरी करने चंपावत आया था। 22 मार्च से लॉकडाउन होने पर वह अपने चार अन्य साथियों के साथ 28 मार्च को नेपाल लौटा था। उसने नेपाल प्रशासन को बताया है कि वह टनकपुर सीमा से ट्यूब के सहारे चोर रास्ते से शारदा नदी पार कर ब्रह्मदेव पहुंचा, तो नेपाल सशस्त्र पुलिस ने उसे पकड़ लिया। महेंद्रनगर में क्वारंटीन किए गए चारों मजदूरों के सैंपल जांच के लिए काठमांडू भेजे गए थे। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजीटिव आई।
सीमा से लगे नेपाल में देवर-भाभी समेत चार संक्रमित
नेपाल में अब तक भारतीय सीमा से लगे क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित चार मरीज मिले हैं। जिन्हें सेती प्रादेशिक अस्पताल धनगढ़ी में आइसोलेट किया गया है। सीमा पार से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड से लगे कंचनपुर और उप्र से लगे कैलाली जिले में चंपावत से लौटे मजदूर के अलावा दुबई से लौटा एक युवक, उससे संक्रमित हुई उसकी भाभी और एक अन्य व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव मिला है।
नेपाल का पुल बंद होने से धारचूला में फंसे नेपालियों की संख्या 957 से बढ़कर 1032 पहुंच गई है। इन सभी नेपाली नागरिकों को बरम, निंगालपानी, बलुवाकोट आदि स्थानों पर इंटर कॉलेजों के भवनों में रखा गया है।
निंगालपानी में एनएचपीसी नेपाली नागरिकों के लिए भोजन की व्यवस्था कर रही है। रविवार को प्रबंधक बीसी जोशी की देखरेख में शिविरार्थियों को भोजन कराया गया। उधर, झूलाघाट में भी 260 से अधिक नेपाली मजदूर और अन्य लोग फंसे हुए हैं। सभी को पुलिस, स्थानीय संस्था भोजन करा रही है।